यहां घोषित है, कौन होगा बिहार में बीजेपी का सीएम

बीजेपी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर चल रही माथापच्ची के बीच भले ही कोई नाम निकलकर सामने न आया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर पार्टी के सीएम पद का उम्मीदवार घोषित हो चुका है। समर्थकों की ओर से फेसबुक पर इसके लिए जोरदार अभियान शुरू किया गया है।
सीएम पद के उम्मीदवार के समर्थन में बनाया गया फेसबुक पेज हर पल अपडेट किया जा रहा है। अभियान को धार देने के लिए पुराने कार्यों का भी जमकर श्रेय लिया जा रहा है। अभियान ठीक उसी तरह चलाया जा रहा है, जैसे लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए किया गया था।
पढ़ें- जागरण डॉट कॉम पर 
जदयू-राजद गठबंधन के बाद मुलायम सिंह यादव के निर्देश पर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करते ही बिहार में सियासी उठापटक तेज हो गई। इसके बाद सभी की निगाहें बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा पर टिक गई। बीजेपी में भी इसको लेकर चर्चा जोरों पर है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नेता दिल्ली तक अपनी जुगत भिड़ाने में जुट गए हैं। राजनीतिक गलियारे में चल रही रस्साकसी की झलक फेसबुक पर भी देखने को मिल रही है।
फेसबुक पर समर्थकों ने बिहार में पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। 'सुशील कुमार मोदी फॉर बिहार सीएम' के नाम से फेसबुक पेज के जरिए अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। सुशील मोदी के पूर्व में किए गए कार्यों को भी भुनाने की कोशिश हो रही है। मोदी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार किए गए इस पेज पर हर रोज औसतन सात सौ से अधिक लोग जुड़ रहे हैं। अब तक इस पेज को 17365 लोग लाइक कर चुके हैं।
पढ़े- ई-पेपर में विस्तृत रिपोर्ट
नीतीश के समर्थकों ने भी बनाया एफबी पेज 
जदयू-राजद गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नीतीश कुमार के समर्थकों ने भी जवाबी हमले के लिए 'फिर एक बार नीतीश कुमार' नाम से फेसबुक पेज बनाया है। इस सप्ताह इस पेज को भी 6194 लोगों ने लाइक किया है।
नीतीश के समर्थकों की ओर से चलाए जा रहे इस पेज पर भी मुख्यमंत्री के कार्यों को भुनाया जा रहा है। बिहार में सुशासन और विकास के कार्यों का लेखा-जोखा अपलोड किया जा रहा है। इसके साथ बीजेपी नेताओं और केंद्र सरकार पर भी आरोपों की झड़ी लगाई जा रही है। नीतीश के समर्थन में चल रहे इस पेज को अब तक 38548 लोग लाइक कर चुके हैं।
पीएम मोदी के लिए भी शुरू किया गया था एफबी पेज 
नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के लिए भी इसी तरह से फेसबुक पेज तैयार किया गया था। श्रीलंका में नौकरी करने वाले विनोद राय ने अपने दोस्त विकास पांडेय के साथ मिलकर 'आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी' नाम के फेसबुक पेज को शुरू किया था। उस वक्त नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय राजनीति पर उभरने की तस्वीर साफ नहीं थी, लेकिन लोग लगातार जुड़ते रहे।
मौजूदा समय में विनोद राय का यह फेसबुक पेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चाहने वालों का सबसे बड़ा पेज है। पिछले दिनों फेसबुक और ट्विटर पर विनोद राय एक बार फिर चर्चा में आए थे। शादी के मौके पर दोनों साइट पर विनोद दिन भर ट्रेंड किए थे। विनोद को उनके समर्थकों ने हैसटैग से शादी की शुभकामनाएं दी थी।


टिप्पणियाँ