फेसबुक पर तय हो रहा बिहार सीएम का चेहरा

पिछले साल आया चाय का एक विज्ञापन तो याद होगा... नेताजी वोट मांगने पहुंचते हैं तो एक युवक उनके अनुभव और पांच साल की योजना पर जमकर सवाल दागता है। बेहतरीन नेता के चुनाव को प्रेरित करता चाय का यह विज्ञापन काफी पसंद किया गया था। पंचलाइन थी 'जागो रे जागो रे जागो रे...।' ठीक इसी विज्ञापन की तर्ज पर बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, उसकी तलाश सोशल मीडिया पर भी चल रही है।
जागरण डॉट कॉम पर पढ़ने के लिए क्लिक करें- 
राजनीतिक पार्टियां भले ही किसी खास चेहरे को प्रोजेक्ट कर 'महासमर' में उतरने तैयारी में हो, लेकिन सोशल मीडिया पर ऐसे सभी चेहरों की अच्छाई-बुराई का जमकर आकलन किया जा रहा है। प्रदेश के विकास में कौन सा चेहरा अहम रोल अदा करेगा, इस पर खूब बहस हो रही है। बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व कौशल, राजनीतिक करियर, व्यक्तिगत छवि के साथ ही केंद्र सरकार के साथ तालमेल मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन का प्रमुख पैमाना है।
राजद, जदयू, बीजेपी, लोजपा, हम, रालोसपा सहित अन्य सभी पार्टियों से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है, सोशल मीडिया के यूजर्स इससे ज्यादा इत्तेफाक नहीं रख रहे। सोशल साइट पर पार्टी नहीं, नेताओं के नाम पर बहस जारी है। आधा दर्जन नेता जो मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं, उनके अब तक के कार्यों का आकलन चल रहा है। कुछ नेताओं का बिहार में विकास के योगदान का ग्राफ भले ही नीचे हो, लेकिन राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का सम्मान बढ़ाने वाले कार्य करने की वजह से अहमियत बरकरार है।
फेसबुक यूजर धनंजय पांडेय, विक्रम कुमार, उदय झा, संजय कुमार आदि बिहार में विकास के लिए ऐसे मुख्यमंत्री को चुनना चाहते हैं, जिसके संबंध केंद्र सरकार के साथ भी अच्छे हों। सुशील मोदी और शाहनवाज हुसैन को लेकर खूब तकरार चल रही है। सुशील मोदी को पिछले अनुभव और प्रदेश में कद्दावर नेता की छवि से मजबूती मिल रही है तो शाहनवाज हुसैन की सेक्युलर नेता की ब्रांडिंग को परफेक्ट बताया जा रहा है। वहीं कमाल की प्रशासनिक क्षमता और प्रधानमंत्री से घनिष्ठता के चलते रविशंकर प्रसाद फेसबुक यूजर्स की नजर में सीएम पद के लिए योग्य उम्मीदवार कहे जा रहे हैं। पुराने कैडर, आरएसएस से नजदीकी और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के बीच मजबूत पैठ को राधामोहन सिंह की खासियत में शुमार किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी भले ही फेसबुक पर ज्यादा एक्टिव न हो, लेकिन मुख्यमंत्री पद की रेस में वे भी शामिल हैं। एनडीए गठबंधन में मांझी को दलित चेहरे की खासियत के तौर पर समर्थन मिल रहा है। रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा को भी सीएम उम्मीदवार के प्रोजेक्ट किया गया है। राजनीतिक करियर और अनुभव पर यूजर्स के बीच अपनी पैठ नहीं बना पा रहे, लेकिन राष्ट्रीय फलक पर अच्छी छवि के चलते मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल हैं।
-विजुअलः राकेश 

टिप्पणियाँ